प्रशासन की देखरेख में हुआ कोटा डीलर का चयन।

​​​​​एलाऊ/मैनपुरी

थाना एलाऊ क्षेत्र के ग्राम सभा पहाड़पुर में प्रशासन के पहरे व ग्रामवासियों की सर्वसम्मति से रिक्त पड़ी राशन दुकान का पारदर्शी तरीके से कोटा डीलर का चयन किया गया। आपको बताते चलें पूर्व में उक्त राशन दुकान नगला बलसिंह निवासी महिला राशन डीलर शारदा देवी के नाम आवंटित थी। विगत कुछ दिनों पहले शारदा देवी की आकस्मिक मृत्यु हो गई थी उसके बाद उक्त राशन दुकान को मौजे की दूसरी दुकान निहालपुर से संबद्ध कर दिया गया था। उसी राशन दुकान के राशन डीलर का चयन होना था जिसे सरकार के मानक अनुसार ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित स्वयं सहायता समूहों को वरीयता दी गई। ग्राम पंचायत पहाड़पुर में संचालित लगभग 4 स्वयं सहायता समूह के पदाधिकारियों ने राशन दुकान के आबंटन के लिए आवेदन किया था। अधिकारियों ने स्वयं सहायता समूहों की सक्रियता एवं अभिलेखों के सत्यापन के बाद मां लक्ष्मी स्वयं सहायता समूह को मानक अनुसार सक्रिय एवं वैध पाया, एवं इसी स्वयं सहायता समूह के नाम राशन दुकान का आवंटन किया गया। अब इस राशन दुकान का वितरण पहाड़पुर में किया जाएगा। इस मौके पर पंचायत सचिव धनवेश सिंह, ग्राम प्रधान सरोज कुमारी पूर्व प्रधान गिरीश चंद यादव स्वयं सहायता समूहों के ब्लॉक स्तरीय पदाधिकारीयों के अलावा एस एच ओ एलाऊ सुनील कुमार भारद्वाज, थानाध्यक्ष दन्नाहार विनोद कुमार, थाना प्रभारी किशनी धर्मेंद्र कुमार, भारी पुलिस दल-बल के साथ मौजूद रहे।

रिपोर्ट- दिलशाद ख़ान